डिपुओं में घट सकते हैं खाद्य तेल के रेट

शिमला
सांकेतिक तस्वीर
प्रदेश के डिपुओं में मिलने वाले सस्ते खाद्य तेल के रेट घट सकते हैं। खाद्य आपूर्ति निगम रेट घटने के दो कारण बता रहा है। एक तो मार्केट में तेल के रेट कम होना और दूसरा पांच कंपनियों के एक साथ टेंडर में भाग लेना है। प्रतिस्पर्धा के चलते इसका फायदा आम जनता को हो सकता है। हालांकि, खाद्य आपूर्ति निगम कार्यालय में 9 अक्तूबर को टेंडर खुलेंगे। इसके बाद फाइनेंशियल बिड खोलने के बाद रेट तकरीबन फाइनल हो जाएगा।

वर्तमान में राशनकार्ड धारक परिवार को प्रति कार्ड दो लीटर खाद्य तेल दिया जा रहा है। इसमें एक लीटर सरसों और दूसरा रिफाइंड तेल शामिल है। कई डिपुओं में रिफाइंड तेल न मिलने पर उपभोक्ताओं को दो लीटर सरसों तेल भी दिया गया है।बताया जा रहा है कि कंपनी का इसी महीने तेल का टेंडर खत्म होना है।

ऐसे में खाद्य आपूर्ति निगम ने तेल के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। हिमाचल में राशनकार्ड उपभोक्ताओं को खाद्य तेल 75 रुपये प्रति लीटर दिया जा रहा है। बाजार मूल्य की अपेक्षा तेल 50 रुपये सस्ता है। प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर खाद्य तेल उपलब्ध कराती है।

खाद्य आपूर्ति निगम टेंडर आमंत्रित करता है। रेट फाइनल करने के लिए फाइल सरकार को आती है। निगम को तेल के टेंडर करने को कहा गया है। अभी फाइल नहीं आई है। जब फाइल आएगी तभी कुछ कहा जा सकेगा। – अमिताभ अवस्थी, सचिव खाद्य आपूर्ति, प्रदेश सरकार

Related posts