पहले पति पीटा फिर एएसआई की वर्दी फाड़ी!

धर्मशाला। पुलिस चौकी योल में वीरवार देर रात दो महिलाओं पर हंगामा करने का आरोप है। आरोप है कि महिलाओं ने पुलिस चौकी इंजार्ज एएसआई की वर्दी तक फाड़ दी। बाद में महिलाओं ने अपने कपड़े भी फाड़ लिए। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस वालों ने उनके कपड़े फाड़े। हालांकि, पुलिस महिलाओं के आरोपों को नकार रही है। सारा विवाद एक महिला के पति का पुलिस चौकी में पहुंचने पर हुआ। जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी एक व्यक्ति पुलिस चौकी योल में अपनी पत्नी के खिलाफ उसके साथ झगड़ा करने की शिकायत लेकर पहुंचा। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की है। शिकायत पर पुलिस व्यक्ति को मेडिकल के लिए भेजने लगी। आरोप है कि इसी दौरान व्यक्ति की पत्नी समेत दो महिलाएं चौकी में आ धमकीं। महिलाओं ने व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस वालों से बहसबाजी शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख चौकी के मुंशी ने चौकी प्रभारी को सूचित किया। आरोप है कि चौकी प्रभारी के पहुंचने पर महिलाओं ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। महिलाओं ने चौकी प्रभारी की वर्दी फाड़ दी। आरोप है कि इसके बाद महिलाओं ने अपने कपड़े भी फाड़ लिए। हंगामे के बीच महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट कर उनके कपड़े फाड़ दिए। हालांकि, पुलिस महिलाओं के आरोपों को नकार रही है। विवाद बढ़ता देख व्यक्ति समेत महिलाओं को पुलिस कर्मचारी धर्मशाला थाने में ले आए। यहां पर चौकी इंचार्ज ने महिलाओं पर एफआईआर दर्ज करवा दी। वहीं, महिला के पति की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई। शुक्रवार को क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना रहा है। कौन सच्चा और कौन झूठा है, पूरा दिन इस मामले पर लोग चर्चा करते रहे। एएसपी डा. शिव कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिलाओं पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की निष्पक्ष छानबीन की जा रही है।

Related posts