छात्रों की आत्मिक शांति को किया धर्म पाठ

थलौट (मंडी)। लारजी डैम से आठ जून को छोड़े गए पानी में बहे 24 छात्रों और एक टूअर लीडर की आत्मा की शांति के लिए थलौट में शुक्रवार को सर्व धर्म शांति पाठ और यज्ञ का आयोजन किया गया। घटना स्थल के समीप आयोजित यह सर्वधर्म शांति पाठ में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई और बौद्ध धर्म के गुरुओं ने मंत्रों उच्चारण से छात्रों की आत्मा की शांति के लिए दुआ की। इस कार्यक्रम में सड़क परिवहन जनहित विकास समिति के जिला अध्यक्ष सत्यप्रकाश ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की।
बौद्ध धर्म की ओर से लामा छेपिल, लामा टशी ने बौद्ध धर्म के अनुसार पाठ और हवन किया। पंडित वेद ब्यास शर्मा ने हिंदू धर्म के अनुसार घटना स्थल पर शांति पाठ और हवन किया। मुस्लिम धर्म के याकूप खान ने भी पाठ कर खुदा से बच्चों की आत्मा की शांति के लिए दुआ मांगी। सिख धर्म के गुरु चरण सिंह, जसपाल सिंह और विनोद सिंह ने भी बच्चों की आत्मा की शांति के लिए पाठ किया। ईसाई धर्म के अमित जानसन और देवी राम मसीह ने भी छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस कार्यक्रम में सड़क परिवहन जनहित विकास समिति बंजार और टिप्पर यूनियन के अध्यक्ष डोला सिंह महंत, इंनर सराज स्नोर वैली ट्रक यूनियन औट के अध्यक्ष बलदेव शर्मा, व्यापार मंडल औट के अध्यक्ष विनोद सिंह चावला, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष भूपेंद्र पाल, थलौट व्यापार मंडल के भीम सेन, मुरारी माता स्टोन क्रशर के अभिषेक, सूबेदार गगन सिंह, जगदीश वैद्य, खुशी राम शर्मा, बीडीसी के पूर्व अध्यक्ष दलीप सिंह, पूर्व प्रधान दीनानाथ, केसर सिंह ठाकुर, उद्यान प्रसार अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष केसर सिंह ठाकुर और ग्रामीण साथी सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. राजेश मौजूद थे।

Related posts