पहले सप्ताह मिलेगी निगम कर्मियों को पेंशन

नूरपुर (कांगड़ा)। प्रदेश पेंशनर्स कल्याण परिवहन संघ नूरपुर इकाई के महासचिव रघुवीर सिंह ने परिवहन निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन राशि महीने के पहले सप्ताह में जारी करने के निर्णय का स्वागत किया है। कहा है कि मुख्यमंत्री के इस निर्णय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। इससे पहले परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को निगम द्वारा महीने के अंतिम दिनों में पेंशन दी जाती थी, जिससे कर्मचारियों का सारा आर्थिक बजट गड़बड़ा रहा था। महासचिव रघुवीर सिंह ने कहा कि कोर्ट के निर्णय के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखते हुए निगम को पेंशन जारी करने के आदेश दे दिए हैं, जो स्वागत योग्य है। उनकी मांग है कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने पेंशन को महीने के पहले सप्ताह में देने के आदेश दिए हैं, उसी प्रकार निगम को एक वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के पेंडिंग पड़े लाभ देने के भी आदेश दिए जाएं।

Related posts